भारत बनाम इंग्लैंड का पहला टेस्ट मैच आज से राजकोट में
लगभग 30 साल बाद भारतीय धरती पर 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहे इंग्लैंड और टीम इंडिया के बीच सीरीज का पहला टेस्ट राजकोट में जारी है. सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने लंच के बाद 3 विकेट पर 178 रन बना लिए हैं. जो रूट (78) और मोइन अली (33) क्रीज पर हैं. ओपनर एलिस्टर कुक (21) और हसीब हमीद (31) दोनों को दो-दो जीवनदान मिले. हालांकि दोनों कोई बड़ा स्कोर नहीं बना पाए. टीम इंडिया 5 गेंदबाजों के साथ उतरी है. आर अश्विन ने दो, तो रवींद्र जडेजा ने एक विकेट चटकाया है. टेस्ट मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही टीम इंडिया का मुकाबला अब ऐसी टीम से हो रहा है, जिसने उसे पिछली 3 टेस्ट सीरीज में हराया है.
लंच के बाद इंग्लैंड ने सधी हुई शुरुआत की और लंच से पहले के नाबाद बल्लेबाज जो रूट और मोइन अली ने पारी को आगे बढ़ाया. इस बीच रूट ने 43वें ओवर में आर अश्विन की गेंद पर सिंगल लेकर टेस्ट करियर की 24वीं फिफ्टी पूरी की. रूट और अली के बीच 50 रन से अधिक की साझेदारी हो चुकी है
इंग्लैंड से पिछली 3 सीरीज हारे
टीम इंडिया 2008 के बाद से इंग्लैंड को नहीं हरा पाई. पिछली बार इंग्लैंड ने 2012 में भारत का दौरा किया था और उसके स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों की जमकर परीक्षा ली थी और इंग्लैंड को 2-1 से जीत दिला दी थी. वैसे टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी सीरीज 2014 में इंग्लैंड में ही खेली थी, जिसमें अंग्रेजों ने उसे 3-1 से हराया था. उस समय टीम इंडिया के कप्तान एमएस धोनी थे.
30 साल बाद 5 टेस्ट, अजहर ने लगाई थीं लगातार 3 सेंचुरी
1984-85 के बाद भारत पहली बार दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की मेजबानी कर रहा है. इससे पहले की 5 टेस्ट की सीरीज में भारत के कप्तान सुनील गावस्कर और इंग्लैंड के कप्तान डेविड गावर थे. मोहम्मद अजहरुद्दीन ने इसी टेस्ट सीरीज में अपने पहले तीन टेस्ट में शतकों की हैट्रिक (110 रन, 105 रन और 122 रन) का विश्व रिकार्ड बनाया था
पहली बार डीआरएस
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही यह सीरीज भारतीय धरती पर पहली ऐसी टेस्ट सीरीज है, जिसमें निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) का उपयोग किया जा रहा है, जिसे अपनाने में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) लगातार पीछे हटता आ रहा था. भारत ने अंतिम बार 2008 में श्रीलंका के खिलाफ उसकी सरजमीं पर डीआरएस का इस्तेमाल किया था.
टीमें इस प्रकार हैं...
भारत : विराट कोहली (कप्तान), मुरली विजय, गौतम गंभीर, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अमित मिश्रा, मोहम्मद समी, उमेश यादव.
इंग्लैंड : एलिस्टर कुक (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, स्टुअर्ट ब्रॉड, बेन डकेट, हसीब हमीद, मोइन अली, जफर अंसारी, आदिल राशिद, जोए रूट, बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स.


No comments:
Post a Comment